गुड़गांव में कांग्रेस के स्थानीय नेता की हत्या
गुड़गांव, 8 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र गुड़गांव में सोमवार देर रात एक व्यस्त चौराहे पर अज्ञात बंदूकधारियों ने एक स्थानीय कांग्रेसी नेता की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी।
गुड़गांव के सेक्टर चार और सात के पास स्थित व्यस्त चौराहे पर यह घटना हुई। कांग्रेसी नेता राजकुमार उर्फ धर्मपाल सोमवार रात को अपनी कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "लगभग 10 बजे राजकुमार चौराहे पर पहुंचे। उन्हें मोटरसाइकिल सवार कुछ लोगों ने रोका और कार से बाहर आने के लिए कहा। जैसे ही वह कार से बाहर आए उन्होंने राजकुमार को गोली मार दी।"
राजकुमार को बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश ने कहा, "हमें इस घटना का कोई चश्मदीद गवाह नहीं मिला और हत्यारों की अब तक पहचान नहीं की जा सकी है। हम पीड़ित के परिजनों के बयान ले रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications