रायसेन में कर्फ्यू जारी
भोपाल, 8 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में भड़की हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू मंगलवार को भी जारी रहा। जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए सुबह महिलाओं के लिए कर्फ्यू में आधे घंटे की ढील दी गई।
रायसेन की कलेक्टर सुनीता त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया कि हिंसा भड़कने के बाद सोमवार को औबेदुल्लागंज में लगाया गया कर्फ्यू मंगलवार को भी जारी रहा। आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सुबह आधे घंटे के लिए महिलाओं को कर्फ्यू में ढील दी गई, ताकि वे खरीददारी कर सकें। इस मौके पर कुछ दुकानें खुलवाई गईं। पुलिस बल तैनात हैं और हालात अब नियंत्रण में हैं। अब तक सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि औबेदुल्लागंज में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में नगर पंचायत अध्यक्ष तूफान सिंह राजपूत के भांजे रूपेश की मौत हो गई जबकि नगर तूफान सिंह और उनका बेटा जय सिंह गभीर रूप से घायल हो गए।
इस विवाद ने सोमवार की सुबह हिंसक रूप ले लिया और सड़कों पर उतरे लोगों ने आगजनी व तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। उसके बाद भी हालात नहीं संभले। इस वजह से जिला प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications