भाजपा को कार्यकारिणी में सभी सदस्यों के पहुंचने का भरोसा
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। मुख्यमंत्रियों व मंत्रियों को सुशासन का पाठ पढ़ाने के लिए मुंबई में पिछले दिनों आयोजित 'सुराज संकल्प' सम्मेलन में पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के न पहुंचने को लेकर बैकफुट पर आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भरोसा जताया है कि पटना में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सभी सदस्य पहुंचेंगे।
भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने मंगलवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सभी सदस्य सम्मिलित होंगे।"
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, सभी भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य पहुंचेंगे।
ज्ञात हो कि मुंबई के सुराज संकल्प सम्मेलन में आडवाणी और यशवंत सिन्हा जैसे वरिष्ठ नेता नहीं पहुंचे थे। इसे लेकर उठ रहे सवालों से पार्टी के नेता बैकफुट पर आ गए हैं।
मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा के उम्मीदवार चंदन मित्रा ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि वे नेता आवश्यक कारणों से इस बैठक में नहीं पहुंच सके थे।
मित्रा ने आईएएनएस से कहा, "उचित कारणों से कुछ लोग महाराष्ट्र के सम्मेलन में नहीं पहुंच सके थे। सभी को आना था लेकिन निजी कारणों से कुछ वहां नहीं आ सके। कोई और कारण हो तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है। रही बात पटना कार्यकारिणी की तो सभी सदस्य उसमें पहुंचेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications