शांति सूचकांक में भारत को 129 वां स्थान
ऑस्ट्रेलिया स्थित एक संस्थान द्वारा कराए गए इस सर्वेक्षण के मुताबिक इस सूचकांक में बांग्लादेश को 87वां, नेपाल को 82 वां और भूटान को 36 वां स्थान मिला है यानी शांति के मामले में इन देशों की स्थिति भारत की अपेक्षा कहीं बेहतर है।
इस सूची में पाकिस्तान को 145 वां और श्रीलंका को 133वां स्थान मिला है।
पिछले साल भारत को इस सूची में 122 वां स्थान मिला था इससे पहले 2008 में इसे 109 वां स्थान मिला था।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे साल दुनिया की सबसे शांत जगह का रुतबा हासिल हुआ है जबकि इससे पहले आइसलैंड और जापान को यह स्थान मिला था।
इराक को इस सूची में सबसे आखिरी 149 वां स्थान मिला है। सोमालिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, इजरायल और रूस को भी सूची में निचले स्थान मिले हैं।
सूचकांक में देशों के घरेलू और आंतरिक संघर्षों के आधार पर शांति की माप की गई है, इसमें संघर्षों में मरने वाले लोगों की संख्या और संगठित संघर्षो और पड़ोसियों से संबंधों को ध्यान में रखा गया है।
रिपोर्ट में भारत की स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि 2008 में मुंबई हमले के बाद देश में फैली अशांति की हालत में काफी सुधार हुआ है लेकिन कट्टरपंथी संगठनों द्वारा भारत में लगातार हमले हुए हैं।
सरकार के स्तर पर भारत के पाकिस्तान से संबंधों में सुधार हुआ है। वहीं अफगानिस्तान में पुनर्निर्माण के कार्य के चलते भारत की स्थिति में सुधार हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications