इंटरनेट नीति पर चीन ने श्वेत पत्र जारी किया
चीन सरकार के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी दस्तावेज में चीन में इंटरनेट के विकास और उपयोग के आंकड़े प्रस्तुत किए गए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक वर्ष 2009 के अंत में चीन में इंटरनेट उपयोग करने वाले लोगों की संख्या 1997 के 3.19 करोड़ लोगों से 618 प्रतिशत बढ़कर 38.4 करोड़ हो गई है।
वर्ष 2009 में देश की 28.9 प्रतिशत जनसंख्या की पहुंच में इंटरनेट आ गया था जो कि विश्व औसत से ज्यादा है। अगले पांच साल में यह बढ़कर 45 प्रतिशत होने की संभावना है।
चीन में पिछले साल 32 लाख वेबसाइट चल रही थीं, जो कि 1997 की तुलना में 2,152 गुना ज्यादा हैं। चीन में 34.6 करोड़ लोग ब्रॉडबैंड उपयोग कर रहे हैं और 23.3 करोड़ लोग मोबाइल फोन के जरिए इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं।
दस्तावेज में कहा गया कि इन आंकड़ों से साबित होता है कि चीन में इंटरनेट की लोकप्रियता अन्य विकासशील देशों की तुलना में ज्यादा है।
दस्तावेज में कहा गया कि चीनी नागरिकों को पूरी तरह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है, यहां कि 80 प्रतिशत वेबसाइट इलेक्ट्रॉनिक बुलेटिन प्रसारित कर रही हैं और 22 करोड़ से ज्यादा लोग ब्लागिंग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications