्नराष्ट्रमंडल खेल : रेल संग्रहालय का आनंद ले सकेंगे पर्यटक
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। प्रकाश और ध्वनि के कार्यक्रम, विशेष भाप इंजन पर सैर, डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन.. यह सब देखने को मिलेगा राजधानी के राष्ट्रीय रेल संग्रहालय में।
संग्रहालय को उम्मीद है कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हजारों की संख्या में पर्यटक आएंगे और संग्रहालय की रेलगाड़ियों पर चढ़कर उसका आनंद लेंगे।
संग्रहालय में नवीनीकरण व अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहां घरनुमा रेलगाड़ी 'फेयरी क्वीन' भी देखने को मिलेगी, जिसमें दुनिया का सबसे पुराना इंजन लगा है।
रेल संग्रहालय के निदेशक मनीष जैन ने आईएएनएस को बताया, "हमें नवीनीकरण व अन्य विकास कार्यो के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट मिला है। हम राष्ट्रमंडल खेल देखने बड़ी तादाद मेंआने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाओं की व्यवस्था कर रहे हैं।"
महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर के मौके पर और खेलों के दौरान विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'गांधी और रेलवे' दिखाई जाएगी। संग्रहालय में तीन से 14 अक्टूबर तक भव्य समारोह आयोजित होगा।
जैन ने बताया, "गांधी जी जब दक्षिण अफ्रीका में नस्लभेद के विरुद्ध संघर्ष कर रहे थे, उन दिनों उन्हें रेल गाड़ी के प्रथम श्रेणी के डिब्बे से फेंक दिया गया था। डॉक्यूमेंट्री फिल्म में गांधी जी द्वारा दक्षिण अफ्रीका में किए गए संघर्ष और भारत में स्वाधीनता आंदोलन का नेतृत्व करने के दौरान की घटनाएं दिखाई जाएंगी। "
दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित रेल संग्रहालय भारतीय रेल के 150 से अधिक वर्षो के इतिहास को संजोए रखा है।
अन्य आकर्षण होंगे- प्रकाश व ध्वनि पर आधारित कार्यक्रम, विशेष भाप इंजन पर सैर और स्टार इंजन प्रदर्शनी, जिसमें फेयरी क्वीन, पटियाला रजवाड़े का लघु रेलमार्ग, आग वाला इंजन, भाप इंजन, दार्जीलिंग व नीलगिरि पर्वतीय रेल, कालका-शिमला रेलमार्ग ओर मैथेरन लाइट ट्रामवे के मॉडल।
राष्ट्रमंडल खेल देखने आने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए संग्रहालय प्राधिकरण ने संग्रहालय के बंद होने के समय को दो घंटे बढ़ाने यानी रात नौ बजे तक खोले रखने का निर्णय लिया है। संग्रहालय के खुलने का समय सुबह 9.30 बजे है।
जैन ने बताया कि प्राधिकरण राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान टिकट दर बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। इस समय टिकट दर तीन से 10 रुपये है। आने वाले महीनों में इसमें मामूली वृद्धि हो सकती है।
इस रेल संग्रहालय का उद्घाटन फरवरी, 1977 में हुआ था।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications