ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस मामले में एक और गिरफ्तारी (लीड-1)
पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति (पीसीएपीए) के लड़ाकू दस्ते सिद्धू कान्हू गण सेना के सदस्य समीर महतो को पश्चिमी मिदनापुर जिले के झारग्राम से राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। इस मामले में खगेन महतो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुज शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "सीआईडी के एक दल ने समीर को उसके पैतृक गांव कुशुमाघाटी से गिरफ्तार किया गया और उसे सीआईडी के मुख्यालय लाया गया है।"
समीर खगेन का करीबी सहयोगी है और वह इस क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखता है।
शर्मा ने कहा, "हमारे पास समीर के रेल दुर्घटना में शामिल होने के कई सबूत हैं। उसे आज झारग्राम के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया। वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है। हमें उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान हम उससे और जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।"
समीर की गिरफ्तारी से पहले राज्य के गृह सचिव समर घोष ने कहा था कि राज्य पुलिस अब इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हवाले करेगी। सीबीआई ने इस मामले की जांच की आरंभिक तैयारी शुरू कर दी है।
सीबीआई अधिकारियों का एक दल मंगलवार को झारग्राम अदालत का दौरा करेगा और औपचारिक तौर पर जांच की शुरुआत करने से पहले प्राथमिकी दर्ज करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications