पूर्णकालिक प्राचार्यो की नियुक्ति के बिना दाखिले की अनुमति नहीं
नागपुर, 8 जून (आईएएनएस)। नागपुर विश्वविद्यालय ने 2010-11 शैक्षणिक सत्र के लिए उन कॉलेजों में दाखिले पर रोक लगा दी है जहां पर पूर्णकालिक प्राचार्यो की नियुक्ति नहीं की गई है।
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले ऐसे कॉलेजों की संख्या 353 है।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हम बंबई उच्च न्यायालय के नियमों का पालन कर रहे हैं और इसे 31 मई तक पूरा किया जाना था।"
गौरतलब है कि माध्यमिक विद्यालय प्रमाणपत्र परीक्षा (एसएससी) का परिणाम अगले सप्ताह आने वाला है लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने के बाद लाखों छात्रों के मनपसंद कॉलेजों में दाखिले को लेकर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।
अपना रुख स्पष्ट करते हुए विश्वविद्यालय ने इस तरह के कॉलेजों की सूची अपने वेबसाइट पर जारी कर दी है जिनमें कई सारे कॉलेज राज्य के शीर्ष नेताओं द्वारा खोले गए हैं।
पिछले सप्ताह ही विश्वविद्यालय के कुलपति एस.एन. पठान ने इस तरह के संकेत दिये थे कि विश्वविद्यालय ऐसे कॉलेजों की सूची जारी करेगा जो सात जून तक पूर्णकालिक प्राचार्यो की नियुक्ति करने में असफल रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications