कैमरन की चेतावनी, ब्रिटेन के खर्चो में कटौती की तैयारी
लंदन, 8 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन में 770 अरब पाउंड तक पहुंच चुके भारी भरकम कर्ज के चलते ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने खचरें में कटौती करने की चेतावनी दी है।
अर्थव्यवस्था की स्थिति पर सोमवार को कैमरन ने अपना महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा कि यदि कर्ज कम करने के लिए अभी भी कुछ नहीं किया गया तो अगले पांच साल में यह बढ़कर 1.4 खरब पाउंड हो जाएगा, इतने कर्ज का मतलब होगा कि हर ब्रिटनवासी के ऊपर 22,000 पाउंड के कर्ज का बोझ।
उन्होंने कहा, "पिछली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक अगले पांच साल में हमें अपने कर्ज पर 70 अरब पाउंड का ब्याज देना होगा। यह बहुत बड़ी रकम है कि इसलिए इस बात में कोई आश्चर्य नहीं कि पिछली सरकार ने इस जानकारी को प्रकाशित करने से इंकार कर दिया था।"
ब्याज की यह राशि पूरे देश मे चल रहे स्कूल, परिवहन व्यवस्था और पर्यावरण बदलाव पर खर्च की जा रही राशि के बराबर है। इस समय ब्रिटेन के हर करदाता के प्रत्येक पाउंड में से 10 पेंस केवल ब्याज चुकाने में खर्च हो रहा है।
कैमरन ने कहा कि यह पैसे का बहुत डरावना दुरुपयोग है, हम अपने संसाधनों से ज्यादा व्यय कर रहे हैं और अपनी अगली पीढ़ी के लिए कर्ज का बोझ छोड़ते जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेंशन, वेतन और सार्वजनिक क्षेत्र के खर्च के संबंध में कुछ कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि पहली मार किस क्षेत्र पर पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस समय कुछ परिवार जो आवासीय लाभ ले रहे हैं उस पर करीब 20 अरब पाउंड की राशि खर्च हो रही है।
केमरन ने हालांकि कहा कि ग्रीस जैसे देशों की तुलना में ब्रिटेन की स्थिति बेहतर है और इस समस्या से निपटने के लिए वह पूरी मजबूती से तैयार है लेकिन ग्रीस के संकट से साबित होता है कि उन देशों का क्या हश्र होता है जो अपनी साख खो देते हैं और समय पर कड़े निर्णय नहीं ले पाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications