ओबामा को भारत दौरे से 'महत्वाकांक्षी नतीजों' की उम्मीद
वाशिंगटन, 8 जून (आईएएनएस)। अमेरिका का कहना है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा को अपने आगामी भारत दौरे से 'महत्वाकांक्षी परिणामों' की उम्मीद है। ओबामा नवंबर माह में भारत का दौरा करेंगे।
अमेरिका के दक्षिण एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि ओबामा के भारत दौरे के समय दोनों देशों के बीच अप्रत्याशित सहयोग देखने को मिलेगा। दोनों के बीच पिछले सप्ताह संपन्न हुई सामरिक वार्ता के दौरान भी यही भावना निहित थी।
उन्होंने कहा, "हम फिलहाल राष्ट्रपति के दौरे से जुड़े कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में लगे हैं। कार्यक्रम में सामरिक वार्ता का ब्योरा, राष्ट्रपति कहां-कहां का दौरा करेंगे और कई महत्वपूर्ण बिंदु इस शामिल होंगे।"
ब्लैक ने कहा, "मैं यह कहना चाहता हूं कि राष्ट्रपति खुद इस दौरे के महत्वाकांक्षी नतीजों को लेकर उत्सुक हैं। वह भारत के साथ हमारे संबंधों को 21वीं सदी में प्रभावी और बेहद जरूरी मानते हैं। ऐसे में हम इसी के मद्देनजर दौरे का पूरा कार्यक्रम बनाने जा रहे हैं।"
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "भारत और अमेरिका पहले से मौजूद व्यापक सहयोग को कैसे प्रगाढ़ बना सकते हैं? दोनों के बीच बातचीत का यह समान बिंदु है। इससे दोनों देशों और पूरी दुनिया के लोगों के जीवन में बदलाव लाने में मदद मिलेगी।"
ब्लैक ने कहा कि अमेरिका ने राष्ट्रपति ओबामा के साथ 'हाई-टेक' और अन्वेषण से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल को भी भारत भेजने की योजना बनाई है ताकि इस क्षेत्र में दोनों देश नई साझेदारी पैदा कर सकें।
भारत-अमेरिका समारिक वार्ता को उन्होंने अहम पड़ाव करार देते हुए कहा कि इसकी झलक नवंबर में राष्ट्रपति ओबामा के दौरे के समय देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति कह चुके हैं कि 21वीं सदी में भारत को अमेरिका अपने एक अपरिहार्य सहयोगी के रूप में देखता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications