नक्सलियों के साथ आतंकियों जैसा सलूक हो: बाबा रामदेव
भोपाल। राजनीति में उतरने की तैयारी में जुटे योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि नक्सलियों को रास्ते पर लाने के लिए पहले उन्हें सुधार ने की कोशिशें करनी चाहिए, अगर उसके बाद भी नक्सली हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ते हैं तो उनके साथ वैसा ही सलूक किया जाना चाहिए जैसा आतंकियों के साथ किया जाता है।
भोपाल पहुंचे बाबा रामदेव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र प्राकृतिक संपदा से भरे पड़े हैं मगर ये क्षेत्र नक्सलवादियों के कब्जे में हैं। इन क्षेत्रों में नक्सलियों की भागीदारी तय की जानी चाहिए क्योंकि इन क्षेत्रों का विकास नहीं हुआ है।
इसके बाद भी वे हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ते हैं तो उनके खिलाफ आतंकवादियों जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए। एक सवाल के जवाब में बाबा ने कहा कि भोपाल गैस कांड का सोमवार को फैसला आने वाला है और आरोपियों को मृत्युदण्ड से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए क्योंकि उनकी वजह से हजारों लोगों की जानें गई हैं।
बाबा रामदेव ने एक बार फिर 1000 और 500 के नोटों के चलन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ऐसा होने पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा, क्योंकि बड़े नोट लेन देन को आसान बनाते हैं।













Click it and Unblock the Notifications