उत्तर भारत में बारिश, पर गर्मी बरकरार (लीड-1)
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर भारत में मिला-जुला मौसम है। कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है तो वहीं कुछ स्थानों पर लू और उमस से लोग बेहाल हैं। दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में वर्षा हुई।
देश में सबसे गर्म स्थान संभलपुर (उड़ीसा) रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के कुछ इलाकों में गुरुवार रात हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे शुक्रवार को दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। एक दिन पहले ही दिल्ली में जून महीने के दौरान 40 वर्षो के न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड टूटा था।
राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार के तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री कम था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में गुरुवार रात बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया।
उन्होंने कहा, "आंशिक बादल छाए हुए हैं और दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश होने तथा तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।"
अधिकारी ने बताया कि तापमान में कमी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई है वहीं मौसम विभाग की तरफ से अगले तीन दिनों में तूफानी हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
उधर, बिहार में मानसून आने की संभावित तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे गर्मी और उमस से पटना सहित राज्य के लगभग सभी इलाकों के लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान जहां 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं भागलपुर का 28.0, गया का 31.7 तथा पूर्णिया का 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे राज्य के कुछ इलाकों में सुबह हुई बूंदा-बांदी के बाद मौसम सुहाना भी हुआ है।
विभाग के अनुसार राज्य में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेष चंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है तथा बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश के बावजूद लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिल रही है। राज्य में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है।
बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी सहित लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और आगरा में लोगों ने गुरुवार देर शाम आंधी के साथ हुई तेज बारिश का जमकर लुत्फ उठाया।
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक झांसी में सर्वाधिक 16.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुंदेलखंड में इस मौसम में पहली बार इतनी बारिश हुई है। बारिश का राज्य के अधिकतम तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ा।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, यहां का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री, आगरा का 42.8 डिग्री, कानपुर का 43.2 डिग्री और लखनऊ का 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना से इंकार किया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पूर्वाचल और मध्य भाग के कुछ इलाकों में तेज आंधी आने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बौछारों से मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है। आने वाले दिनों मे यह सिलसिला जारी रहने के आसार भी हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के आसमान पर चक्रवाती हवाओं का जोर रहा। इतना ही नहीं इन हवाओं के बीच ग्वालियर, छतरपुर, सागर, टीकमगढ़ और भोपाल में बौछारों ने जहां मौसम की रंगत बदल दी हैं, वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बौछारे पड़ सकती हैं।
मौसम के आए बदलाव की वजह से राज्य के कई हिस्सों के तापमान में भी कुछ गिरावट आई है। भोपाल का अधिकतम तापमान 39़ 7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 37़ 8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 43़ 4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 42़ 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान के चलते गुजरात के तटीय इलाकों में मछुवारों को चेतावनी जारी की गई। राज्य के सौराष्ट्र व कच्छ में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ वर्षा की उम्मीद है।
दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी के संकेत हैं। पूर्वोत्तर राज्यों और अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications