हेडली से पूछताछ कब और कहां होगी, स्पष्ट नहीं
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने शुक्रवार को कहा कि भारत को पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ का आश्वासन दिया गया है। लेकिन अब भी यह स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ कब हो पाएगी।
भारत ने अमेरिका से कहा है कि डेविड हेडली 2008 में हुए मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारियों में से एक है। भारत-अमेरिका रणनीतिक वार्ता के बाद संवाददाता सम्मेलन में कृष्णा ने कहा, "हमें पूछताछ की इजाजत मिलनी चाहिए, ताकि हम अपनी जांच पूरी कर सकें। हमें उम्मीद है कि अमेरिका हमारी मांग का सम्मान करेगा।"
उल्लेखनीय है कि भारतीय जांच टीम पिछले चार दिनों से अमेरिका में हेडली से पूछताछ के लिए इंतजार कर रही है।
कृष्णा ने कहा कि जिस तरह वे हमारी न्याय प्रक्रिया का सम्मान करते हैं, हमें भी उसी तरह सम्मान जताना चाहिए।
कृष्णा ने कहा कि हमें पूछताछ के लिए आश्वस्त किया गया है और इसकी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी न्याय की परिधि में पूछताछ की यह प्रक्रिया कैसे पूरी होगी, इस पर दोनों देशों की एजेंसियां कार्य कर रही हैं।
अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर ने कहा कि भारत अमेरिका के अटार्नी जनरल एरिक होल्डर के संपर्क में है और हमें पूछताछ के लिए आश्वस्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत मुंबई हमले की साजिश से पर्दा उठाने के लिए हेडली (49) से पूछताछ करना चाहता है। हेडली फिलहाल शिकागो जेल में बंद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अप्रैल में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आश्वस्त किया था कि भारत को हेडली से पूछताछ की इजाजत दी जाएगी।
अब राष्ट्रीय जांच दल पूछताछ के लिए अमेरिका में है लेकिन दोनों देशों के अधिकारी इस पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है कि हेडली से कब और कहां पूछताछ की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications