भाजपा ने आईपीएल मुद्दे पर मांगा पवार का इस्तीफा (लीड-1)
इस मुद्दे पर पार्टी का मत रखते हुए भाजपा के प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, "पवार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करते तो हम प्रधानमंत्री से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हैं।"
एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी की बोली में पवार और उनके परिवार के सदस्य परोक्ष रूप से शामिल थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस सिटी कार्पोरेशन लिमिटेड नाम की कंपनी ने इस फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक हासिल करने के लिए बोली लगाई थी उसके निदेशक मंडल में पवार, उनकी पत्नी और बेटी सुप्रिया सुले शामिल हैं। सुले सांसद भी हैं।
पवार ने इस मसले पर शुक्रवार को ही अपना पक्ष साफ किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य का आईपीएल से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। पवार के मुताबिक उनके परिवार के किसी सदस्य ने नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया है।
पवार ने माना कि पुणे फ्रेंचाइजी के लिए सिटी कार्पोरेशन की ओर से बोली लगाई थी लेकिन उन्होंने बोली की प्रक्रिया में स्वयं या परिवार के शामिल रहने की बात को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बोली सिटी कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध देशपांडे ने व्यक्तिगत स्तर से लगाई गई थी।
पवार की इस दलील पर प्रसाद ने कहा कि पवार का यह दावा करना कि सिटी कार्पोरेशन ने खुद को नीलामी से दूर रखा था, 'महज झूठा बहाना' है। प्रसाद के मुताबिक पवार ने इस मुद्दे पर अपने हितों के लिए देश को गुमराह किया है, ऐसे में उन्हें अपने पद पर बने रहना का कोई अधिकार नहीं।
प्रसाद ने साथ ही इस मामले को लेकर जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि देशपांडे का मुंबई की एक निर्माण कंपनी, महाराष्ट्र क्रिकेट संघ और अन्य कंपनियों के नाम पर बोली में शामिल होना कंपनी कानून का उल्लंघन है और इसका विस्तार से जांच होनी चाहिए। प्रसाद ने आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़े पूरे मामले में द्विपक्षीय संसदीय जांच की भी मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications