नीलामी में शामिल नहीं था मेरा परिवार : पवार (लीड-1)
एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी की बोली में पवार और उनके परिवार के सदस्य परोक्ष रूप से शामिल थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस 'सिटी कार्पोरेशन' नामक कंपनी ने बोली लगाई थी उसके निदेशक मंडल में पवार, उनकी पत्नी और बेटी सुप्रिया सुले शामिल हैं। सुले सांसद भी हैं।
इस मसले पर विवाद खड़ा होता देख पवार ने संवाददाताओं से कहा, "जहां तक इस रिपोर्ट की बात है तो ऐसी बात दो महीने पहले भी मीडिया में आई थी। मैं कहना चहता हूं कि मेरा या मेरे परिवार का आईपीएल से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से कोई संबंध नहीं है।"
पवार ने माना कि पुणे फ्रेंचाइजी के लिए सिटी कार्पोरेशन की ओर से बोली लगाई थी लेकिन उन्होंने बोली की प्रक्रिया में स्वयं या परिवार के शामिल रहने की बात को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बोली व्यक्तिगत स्तर से लगाई गई थी और इसमें कंपनी का कोई निदेशक शामिल नहीं था।
पवार ने कहा, "पुणे टीम के लिए लगाई गई बोली में सिटी कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध देशपांडे शामिल थे। देशपांडे ने व्यक्तिगत स्तर पर इस नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। कंपनी ने इस संबंध में अपना पक्ष साफ कर दिया था। उसने अपनी विज्ञप्ति के माध्यम से साफ कर दिया था कि देशपांडे व्यक्तिगत स्तर पर बोली में शामिल थे। इससे कंपनी का कोई संबंध नहीं था।"
सरकार द्वारा आईपीएल में बरती गई अनियमितता की जांच किए जाने और दोषियों को सजा दिए जाने के सवाल पर पवार ने कहा कि इसका क्रिकेट और क्रिकेटरों से कोई संबंध नहीं। बकौल पवार, "जांच होने दीजिए, हम इस पर नजर रखे हुए हैं। वैसे इसका क्रिकेट और क्रिकेटरों से कोई सीधा संबंध नहीं।"
इस बीच, मुंबई में पवार की सांसद पुत्री सुले ने भी कहा है कि देशपांडे ने व्यक्तिगत स्तर पर पुणे फ्रेंचाइजी के लिए बोली लगाई थी और उनके इस कदम का कंपनी के निदेशक मंडल ने विरोध किया था।
पूरे मामले को लेकर सुप्रिया ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि उनके परिवार का आईपीएल से कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि देशपांडे ने पुणे फ्रेंचाइजी के लिए व्यक्तिगत स्तर पर बोली लगाई थी और उनके इस कदम का कंपनी के निदेशक मंडल ने विरोध जताया था।
सुले ने कहा, "सिटी कार्पोरेशन में हमारी सिर्फ16 फीसदी हिस्सेदारी है और ऐसे में कंपनी के फैसले में हमारा दखल नहीं होता है। बोली में मेरे परिवार की कोई भूमिका नहीं थी। मैंने पहले भी कहा है कि आईपीएल से हमारा कोई संबंध नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications