बिहार में 2 नक्सली मारे गए (लीड-1)
पटना, 3 जून (आईएएनएस)। बिहार में मुंगेर जिले के खड़गपुर थाना क्षेत्र के बघेल जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो संदिग्ध नक्सली मारे गए। पुलिस ने दो नक्सलियों के घायल होने का भी दावा किया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों के कब्जे से पुलिस से लूटी गई एक राइफल भी बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
उधर, मुंगेर जिले के पुलिस अधीक्षक एम़ सुनील नायक ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा जिला पुलिस बल के जवान सुबह नक्सलियों के खिलाफ छापामारी करने बघेल जंगल गए थे। नक्सलियों ने पुलिस को देखकर गोलीबारी आरंभ कर दी। सुरक्षा बलों ने भी इसके बाद जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की इस कारवाई में दो नक्सली मारे गए जबकि दो नक्सली घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल नक्सली को उसके साथी उठाकर अपने साथ ले गए। मारे गए नक्सलियों की अब तक पहचान नहीं हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications