बेंगलुरू में वैश्विक निवेशक सम्मेलन आरंभ (लीड-1)
ब्रजेंद्र नाथ सिंह
बेंगलुरू, 3 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेंगलुरू में गुरुवार को वैश्विक निवेशक सम्मेलन की शुरुआत हो गई। यह सम्मेलन दो दिन तक चलेगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने इस सम्मेलन का उद्धाटन किया। इस सम्मेलन में मशहूर उद्यमी लक्ष्मी मित्तल, अजीम प्रेमजी और कुमार मंगलम बिड़ला, विजय माल्या शिरकत कर रहे हैं। इनके साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली, सुबोध कांत सहाय व भाजपा महासचिव अनंत कुमार भी यहां मौजूद हैं।
इस मौके पर येदियुरप्पा ने कहा, "हर सप्ताह राज्य में एक वैश्विक कंपनी दस्तक दे रही है और साथ ही एक नई औद्योगिक इकाई को मंजूरी दी जा रही है। इन दो दिनों में करीब चार निवेशकों के साथ सहमति पत्रों पर दस्तखत होंगे। इस दौरान साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश हो सकता है और इसकी बदौलत साढ़े छह लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार निवेशकों का स्वागत करेगी और उनको पूरा महत्व देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार कर्नाटक को अंतर्राष्ट्रीय और आर्थिक स्तर पर एक आदर्श प्रांत के रूप में स्थापित करना चाहती है।
इससे पहले मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. पी. जगदीश ने आईएएनएस को बताया कि इस सम्मेलन के दौरान खनिज, पर्यटन और जैवप्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications