लेफ्टिनेंट जनरल पर छेड़छाड़ के आरोप, जांच शुरू (लीड-1)
सेना के तकनीकी सचिव की पत्नी ने सेना की इंजीनियरिंग शाखा के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. नंदा पर आरोप लगाया है कि इजरायल दौरे के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई।
सेना के एक प्रवक्ता कहा, "नंदा के खिलाफ कई आरोप लगाए गए हैं। प्राथमिक जांच में कई संदिग्ध पहलू सामने आए हैं। फिलहाल जांच प्रगति पर है।"
उन्होंने यह भी कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल नंदा ने अभी त्यागपत्र नहीं दिया है और न ही उन्हें इसके लिए कहा गया है।
सैन्य अधिकारी ने यह बयान तब दिया, जब एक समाचार चैनल पर यह बताया गया कि छेड़छाड़ के मामले में नंदा से इस्तीफा मांगा गया है।
यह मामला उजागर होने के बाद सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "यदि यह शिकायत सही पाई जाती है तो सेना प्रमुख इस व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेंगे और अगर आरोप सच पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।"
नंदा की सेवानिवृत्ति में एक साल बाकी है, इससे पहले वे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के महानिदेशक रह चुके हैं।
शिकायत दर्ज होने के दौरान भारतीय सेना के प्रमुख वी. के. सिंह की पत्नी भारती सिंह भी पीड़ित के साथ मौजूद थीं। भारती सिंह आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष हैं।
शिकायतकर्ता के पति तकनीकी सचिव फिलहाल भोपाल में पदस्थ हैं।
नंदा की पत्नी ने कहा है कि उनके पति पर लगाया गया आरोप सही नहीं है। वह काफी अनुशासनप्रिय और ऊंचे नैतिक चरित्र वाले व्यक्ति हैं।
नीरजा नंदा ने पत्रकारों से कहा, "मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि यह आरोप सत्य नहीं हैं। मुझे अपने पति के चरित्र पर शत प्रतिशत विश्वास है।"
उन्होंने कहा कि सेना इस मामले की जांच कर रही है। सच्चाई सामने आ ही जाएगी।
नीरजा ने कहा कि इजरायल दौरे के दौरान मैं पति के साथ ही थी, जहां ऐसी घटना होने की बात कही गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications