यूएई में 17 भारतीयों को बचाने की मुहिम
लीसेस्टर, 3 जून (आईएएनएस)। भारतीय कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उन 17 भारतीयों को बचाने की मुहिम तेज कर दी है, जिन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक पाकिस्तानी नागरिक की हत्या के आरोप में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है।
लीसेस्टर शायर में भारतीय कार्यकर्ताओं के संगठन ने सजा पर पुनर्विचार की मांग की है।
संगठन के महासचिव सीतल सिंह गिल ने इस मामले पर जनसमर्थन जुटाने के लिए शुक्रवार को जनसभा बुलाई है।
रविवार को जिन 17 भारतीयों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है, वे सभी पंजाब के मूल निवासी हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंेने जनवरी 2009 में गैरकानूनी तरीके से शराब बेचे जाने पर हुए झगड़े में एक पाकिस्तानी नागरिक की हत्या कर दी और अन्य तीन को घायल कर दिया। घटना संयुक्त अरब अमीरात में शारजाह के अल साजा इलाके में हुई थी।
व्यक्ति की मौत बुरी तरह पिटाई करने से हुई थी। वह मस्तिष्क की बीमारी से भी ग्रस्त था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बीच-बचाव कर रहे तीन अन्य लोगों पर भी कातिलाना हमला किया था।
एक स्थानीय समाचारपत्र के मुताबिक 50 लोगों ने चाकुओं से हमला किया था, जिनमें तीन लोग किसी तरह बच निकले। इस मामले में पुलिस ने 17 भारतीयों को गिरफ्तार कर लिया और अन्य को सबूतों के अभाव में छोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications