मोटापा कम करना है तो मिर्च खाएं
एक नए अध्ययन से पता चला है कि मिर्च मोटापा कम करने में मददगार हो सकती है। मिर्च शरीर में मौजूद प्रोटीन्स में कुछ लाभदायक परिवर्तन कर वसा से निपटने मदद करती है।
इस अध्ययन से मोटापे के इलाज की दिशा में नए विकल्प खुल गए हैं।
कोरिया के डेगू विश्वविद्यालय के शोधकर्ता जोंग वॉन युन और उनके साथियों ने बताया कि दुनियाभर के लोगों के स्वास्थ्य के लिए घातक मोटापा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, दिल के रोगों और स्वास्थ्य संबंधी अन्य परेशानियों से संबद्ध है।
प्रयोगशाला में हुआ यह अध्ययन बताता है कि मिर्च कैलोरी की मात्रा को कम करके, वसा ऊतकों को संकुचित करके और रक्त में वसा का स्तर कम करके मोटापे से लड़ने में मददगार हो सकती है। वैसे यह किसी को मालूम नहीं है कि मिर्च से इस तरह के लाभदायक प्रभाव किस तरह होते हैं।
अध्ययन के लिए वैज्ञानिकों ने चूहों को मिर्च वाला और बिना मिर्च का उच्च वसा युक्त भोजन दिया था।
'अमेरिकन कैमिकल सोसायटी' (एसीएस) ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि मिर्च युक्त भोजन लेने वाले चूहों के शारीरिक भार में आठ प्रतिशत तक की कमी देखी गई। इन चूहों में वसा में पाए जाने वाले कम से कम 20 प्रोटीनों की मात्रा में भी कमी देखी गई।
प्रोटीन्स की सांद्रता बदलने से वसा का विघटन हुआ था।
वैज्ञानिकों का कहना है कि इस अध्ययन से मिर्च के मोटापा विरोधी प्रभाव की दिशा में नई बहुमूल्य अंतर्दृष्टि मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications