उत्तर भारत में गर्मी से राहत नहीं (लीड-1)
देश में सबसे गर्म वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और गया (बिहार) रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में गुरुवार को एक तरफ जहां गर्मी की तपिश बरकरार है वहीं आसमान में धूल छाई है। यहां न्यूनतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के औसत तापमान से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर है।
राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान बुधवार के तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से मामूली अधिक है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली का न्यूनतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस वर्ष के औसत तापमान से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर है।" दिल्ली के विभिन्न भागों में धूल छाई हुए है।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। वहीं कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है।
इधर, उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर रखा है। राज्य में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री, आगरा का 44.8 डिग्री, झ्झांसी का 44.4 डिग्री, गोरखपुर का 43.0 डिग्री और लखनऊ का 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घटों के दौरान मौसम यथावत रहने के आसार जताते हुए गर्मी से राहत मिलने की संभावना से इंकार किया है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाचल के कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में वृद्घि होने के कारण लोग गर्मी से परेशान हैं। राज्य के गया क्षेत्र का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान गया सबसे गर्म क्षेत्र रहा जहां का अधिकतम तापमान 46़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटना का अधिकतम तापमान 41़ 5 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 38़ 8 तथा पूर्णिया का 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने गुरुवार को बताया, "राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है तथा इस दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में इस माह के मध्य में मानसून की बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्से गर्मी से अभी तक झुलस रहे हैं लेकिन बुधवार को इंदौर में हल्की बारिश तथा गुरुवार को कई इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ने के पूर्वानुमान ने गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगा दी है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा वहीं इंदौर संभाग के कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
भोपाल का अधिकतम तापमान 41़ 2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर 39़ 4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 44़ 5 डिग्री सेल्सियस, और जबलपुर 43़ 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, मौसम विभाग ने अरब सागर में उठे तूफान के चलते गुजरात के तटवर्ती हिस्सों में मछुवारों को चेतावनी जारी की है।
गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह और पूर्वोत्तर के राज्यों में छिटपुट वर्षा के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ बूंदाबांदी की उम्मीद है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और लक्ष्यक्ष्ीप में अगले 24 घंटों के दौरान वर्षा की संभावना जाहिर की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications