दिल्ली में न्यूनतम तापमान का 5 साल का रिकार्ड टूटा
नई दिल्ली। राजधानी में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। दिल्लीवासियों के लिए बुधवार की सुबह अपेक्षाकृत ज्यादा गर्म और पसीने से सराबोर करने वाली रही। इसका कारण यह है कि बुधवार सुबह दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान औसत से छह डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। इस तापमान ने पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले पांच वर्षो में दो जून तारीख को दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान से सर्वाधिक है।"
क्लिक करें- मौसम की खबरें
अधिकारी ने बताया, "इससे पहले दो जून 2009 को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले 2008 में यह तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और 2007 में यह 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा 2006 में यह 22 और 2005 में यह 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"
अधिकारी ने बताया कि तापमान में वृद्धि की वजह मुख्य तौर पर पश्चिमी हवाओं के इस ओर बहना है। दिन में धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अधिकारी ने बताया कि शाम को गरज के साथ छींटे पड़ने की आसार है जिससे कुछ राहत मिल सकती है। मंगलवार को अधिकम तापमान 44.1 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications