कैमरे में घूस लेते दिखे 4 पुलिसकर्मी निलंबित
जिले के पुलिस अधीक्षक कृष्ण मोहन ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि स्टिंग ऑपरेशन का खुलासा होने के बाद पुवायां थाने के इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, उप निरीक्षक ओम प्रकाश गौतम और सिपाही नरेंद्र सिंह व मोहम्मद शमीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिये गये हैं।
अधिकारियों के मुताबिक चारों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर एक पुलिसकर्मी नरेंद्र को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
मोहन ने बताया कि स्टिंग ऑपरेशन में चारों पुलिसकर्मी पुवायां निवासी खतीब अहमद को छोड़ने के लिए उसके घरवालों से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते दिखाए गए।
पुलिस के मुताबिक खतीब को एक पेट्रोल पंप पर हुई लूट के सिलसिले में पुवायां पुलिस एक महीने पहले पकड़कर थाने ले आई थी और उसे छोड़ने के बदले परिजनों से रिश्वत की मोटी रकम मांगी।
खतीब के घर के एक सदस्य ने चुपके से मोबाइल कैमरे से रिश्वत लेते पुलिसकर्मियों का वीडियो बना लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications