बंगाल रेल हादसे की सीबीआई जांच के आदेश (लीड-1)
गृह सचिव जीके पिल्लई ने आईएएनएस को बताया कि केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं और इस संबंध में पश्चिम बंगाल सरकार के साथ संपर्क किया गया है।
पिल्लई ने कहा, "हमने पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क किया है। हम सीबीआई के जांच दल में राज्य के पुलिस अधिकारियों व रेलवे पुलिस को शामिल करने को तैयार हैं।"
पिल्लई ने कहा कि राज्य सरकार ने जांच दल में राज्य अपराध अन्वेषण विभाग के अधिकारी एवं रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को शामिल करने को कहा है।
ज्ञात हो कि सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व रेलमंत्री ममता बनर्जी की यह मांग ठुकरा दी थी। इस हादसे में लगभग 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
ममता बनर्जी ने इस हादसे को 'राजनीतिक साजिश' बताते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी से इसकी जांच कराने की मांग की थी, जबकि केंद्र व राज्य सरकार इसमें नक्सलियों का हाथ मान रही है।
हावड़ा से मुंबई से जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस शुक्रवार रात लगभग डेढ़ बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और इसके पांच कोच दूसरे ट्रैक पर जा गिरे थे। इन पांच डिब्बों को दूसरी ओर से आ रही मालगाड़ी ने रौंद दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications