नौसेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 1 की मौत (लीड-2)
दिल्ली में भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमाडंर पी. वी. एस. सतीश ने आईएएनएस को बताया कि विशाखापट्टनम तट पर नौसेना के हवाई अड्डे आईएनएस डेगा पर तैनात चेतक हेलीकॉप्टर अंकपल्ली में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पानी में गिर गया। दुर्घटना पूर्वी नौसेना कमान के मुख्यालय से 50 किलोमीटर की दूरी हुई।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में गोताखोर कृष्ण कुमार की मौत हो गई। पायलट लेफ्टिनेंट कमांडर ऋषिकेश एन., सह-पायलट लेफ्टिनेंट तुषार शर्मा और हवाई यातायात नियंत्रक अधिकारी दीपिका शर्मा घायल हो गए।
प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया है, लेकिन घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों से बताया कि कम ऊंचाई पर उड़ रहा हेलीकॉप्टर बिजली के हाई टेंशन तारों में उलझकर शारदा नदी में गिर गया।
सतीश ने कहा,"पुलिस के बताए विवरण से इंकार नहीं किया जा सकता और अभी घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है।"
उन्होंने बताया, "घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जाहिर है कि हेलीकॉप्टर के पानी में गिरने से अन्य लोगों की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद हेलीकॉप्टर दो हिस्सों में टूट गया, लेकिन उसमें आग नहीं लगी। हेलीकॉप्टर दैनिक प्रशिक्षण उड़ान पर था।
कुमार का शव परीक्षण के लिए आईएनएस डेगा लाया गया है। 26 वर्षीय गोताघोर पटना के रहने वाले थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications