कैप्टन सतीश शर्मा ने नामांकन भरा
गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले शर्मा ने लखनऊ में बुधवार को चुनाव अधिकारी एवं विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के समक्ष नामांकन भरा।
नामांकन के समय शर्मा के साथ राज्य के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव राम गोपाल यादव और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष राम आसरे वर्मा भी मौजूद थे। इससे साफ संकेत मिलता है कि शर्मा को रालोद के साथ सपा का भी समर्थन मिलना तय है।
राज्य में कांग्रेस के कुल 20 मत (विधायक) हैं, जो जीत के लिए जरूरी 34 से 14 कम हैं। रालोद के 10 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद भी शर्मा को कुछ और मतों की जरूरत पड़ेगी।
सपा के उत्तर प्रदेश में 87 विधायक हैं और उसने राज्यसभा के लिए दो प्रत्याशी ही मैदान में उतारे हैं। ऐसे में उसके पास करीब 19 अतिरिक्त वोट बचेंगे। इसलिए लगभग तय हो गया है कि पार्टी शर्मा के पक्ष में मतदान करेंगी।
कांग्रेस प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव ने आईएएनएस से कहा कि सपा और रालोद ने वरिष्ठ नेताओं की नामांकन के समय मौजूदगी से हमें उनके समर्थन मिलने की पूरी उम्मीद है। हम इसके लिए सपा के आभारी हैं, लेकिन इस समर्थन को इससे आगे देखने की जरूरत नहीं है।
शर्मा के अलावा सपा प्रत्याशी मोहन सिंह और रशीद मसूद ने भी बुधवार को अपने नामांकन दाखिल किए।
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में बहुजन समाज पार्टी(बसपा) सात, सपा दो, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक-एक सीटों के लिए चुनाव लड़ रही हैं। मतदान 17 जून को होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications