इजरायली कब्जे से मुक्त पाकिस्तानी लौटने की तैयारी में
आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार तीनों पाकिस्तानी नागरिक अम्मान से इस्लामाबाद के लिए रवाना होंगे।
मंगलवार को आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने कहा कि आज टीवी के हुसैन, प्रोड्यूसर रजा महमूद और एनजीओ खुबैब फाउंडेशन के नदीम खान जॉर्डन सुरक्षित पहुंच गए हैं। उन्हें इजराइलियों ने 48 घंटों तक कब्जे में रखा था।
मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि लोगों की पहचान व उनके पासपोर्ट की जांच पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ये लोग बुधवार को पाकिस्तान लौट जाएंगे।
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के कार्यकारी राजदूत अहमद हुसैन सियाल ने महासचिव के मुख्य सलाहकार विजय नांबियार से तीन पाकिस्तानी नागरिकों को इजरायल से रिहा कराने का आग्रह किया था।
ये पाकिस्तानी नागरिक गाजा के उस सहायता बेड़े पर सवार थे, जिस पर सोमवार को इजरायली हमला हुआ था। इसमें 10 विदेशी राहतकर्मियों की हत्या कर दी गई, जबकि बेड़े में शामिल छह जहाजों पर सवार 700 लोगों को बंधक बना लिया गया था।
पाकिस्तान में फिलिस्तीनी राजदूत हाजेम हुसैन शनब ने मंगलवार को इस्लामाबाद के राष्ट्रीय प्रेस क्लब में पहुंचकर बंधक बनाए गए तीनों पत्रकारों के प्रति सहानुभति प्रकट की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications