लश्कर के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करे पाक: अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 2 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान से एक बार फिर लश्कर-ए-तैयबा और अन्य आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ठोस कदम उठाने को कहा है।
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री विलियम बर्न्स ने मंगलवार को कहा, "हम पाकिस्तान से गतिविधियां संचालित कर रहे आतंकवादी संगठनों या हिंसक कट्टरपंथियों के बीच कोई फर्क नहीं करते। इसका साफ मतलब है कि लश्कर जैसे संगठनों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।"
बर्न्स का यह बयान भारत-अमेरिका सामरिक वार्ता से ठीक पहले आया। यह वार्ता बुधवार को आरंभ हो रही है। इसमें भारतीय विदेश एस.एम. कृष्णा और उनकी अमेरिकी समकक्ष हिलेरी क्लिंटन अपने-अपने मुल्कों का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव से बातचीत के बाद राजनयिकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए बर्न्स ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच दोस्ती से अमेरिका के हित भी जुड़े हुए हैं लेकिन उनका देश दोनों की रजामंदी के बगैर बीच में नहीं आएगा।
बर्न्स ने कहा, "हम पाकिस्तान से यह आग्रह करना जारी रखेंगे कि वह उन हिंसक कट्टपरपंथियों के खिलाफ के निर्णायक कदम उठाए जो खुद उसके हितों और भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत आतंकवादियों विशेष तौर पर मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान की ओर से प्रभावी कदम देखना चाहते हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान ने भी कहा है कि वह मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अमल में ला रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान के बीच सुलह के अमेरिकी प्रयासों के बारे में पूछे जाने पर बर्न्स ने कहा, "हमारी मदद एक ऐसा माहौल तैयार करने के लिए है जिसमें भारत और पाकिस्तान परस्पर संबंधों में प्रगति ला सकें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications