पश्चिम बंगाल चुनाव: तृणमूल बड़ी जीत की ओर (लीड-1)
कोलकाता, 2 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के स्थानीय निकाय के चुनावों में तृणमूल कांग्रेस बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। प्रतिष्ठित कोलकाता नगर निगम (केएमसी) पर उसका कब्जा लगभग तय है।
केएमसी के 141 वार्डो में तृणमूल अब तक कुल 90 में या तो जीत दर्ज कर चुकी है या फिर आगे चल रही है। वाम मोर्चा महज 30 सीटों के ईद-गिर्द सिमटता नजर आ रहा है। वैसे 2005 से केएमसी पर वाम मोर्चा का ही कब्जा है।
तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हो सका था और इसलिए दोनों साथ चुनाव नहीं लड़ पाए थे। केएमसी के महज नौ वार्ड ही कांग्रेस के खाते में जाते दिख रहे हैं।
अब तक घोषित नतीजों के अनुसार राज्य में तृणमूल अब तक 26 निकायों पर कब्जा जमा चुकी है जबकि वाम दलों के खाते में 11 स्थान गए हैं। कांग्रेस को कुल छह स्थानों पर कामयाबी मिली है।
तृणमूल ने बर्धमान की मेमारी और बीरभूति की बोलपुर सीट पर जीत दर्ज की है। इसके साथ ही उसे उत्तरी 24 परगना जिले के खरदाह, बारानगर और नहाटी में कामयाबी मिली है।
वाम मोर्चे ने हुगली जिले के बल्ली और कूच बिहार जिले के तूफानगंज व दिनहटा में जीत मिली है। कटवा नगर निगम की सीट कांग्रेस के खाते में गई है।
उधर, भारी जीत की ओर बढ़ रही तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं रेलमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को नई दिल्ली में कहा कि उन्हें राज्य की जनता पर पूरा भरोसा है। कोलकाता रवाना होने से पूर्व बनर्जी ने कहा कि परिणामों के बारे किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
गौरतलब है कि रविवार को कोलकाता नगर निगम सहित 81 नगर निकायों के लिए हुए चुनावों में 70 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। राज्य के मिदनापुर जिले में हुए ज्ञानेश्वरी रेल हादसे से दो दिन बाद यहां मतदान हुआ था। इस हादसे में 148 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications