अमेरिका और दक्षिण कोरिया संयुक्त सैनिक अभ्यास करेंगे
दक्षिण कोरिया की योन्हेप समाचार एजेंसी द्वारा प्रसारित खबर के मुताबिक दक्षिण कोरिया के रक्षा अधिकारियों ने बताया कि पीले सागर में यह सैनिक अभ्यास आठ से 11 जून तक चलेगा। इसके जरिए दोनों देश उत्तर कोरिया को अपनी 'संयुक्त प्रतिरोधक क्षमता' का अहसास कराना चाहते हैं।
पीला सागर में 26 मार्च को दक्षिण कोरिया का 1,200 टन का युद्ध पोत डुबोने का आरोप उत्तर कोरिया पर लगने के बाद से दोनों कोरियाई देशों के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। युद्ध पोत डूबने से 46 लोगों की मौत हो गई थी।
इसके बाद एक अंतर्राष्ट्रीय जांच दल ने अपनी जांच रिपोर्ट में इस आरोप को और पुख्ता करते हुए कहा था कि उत्तर कोरिया ने अपनी पनडुब्बी से तारपीडो का हमला करके इस जहाज को डुबोया है।
दक्षिण कोरिया के अधिकारी ने बताया कि अमेरिका अपने परमाणु क्षमता युक्त 97,000 टन के युद्ध पोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन सहित एक विध्वंसक जहाज और एक परमाणु पनडुब्बी को इस अभ्यास में शामिल करेगा। वहीं दक्षिण कोरिया भी अपने 4,500 टन के विध्वंसक, एक पनडुब्बी और एफ-15के लड़ाकू विमानों को युद्धाभ्यास में उतारेगा।
इससे पहले मई में दक्षिण कोरिया ने पीला सागर में पनडुब्बी प्रतिरोधी अभ्यास किया था। इस दौरान 10 युद्ध पोतों से गहरे समुद्ध में दुश्मन की पनडुब्बियों को नष्ट करने का अभ्यास किया गया था।
उत्तर-कोरिया ने भी दक्षिण कोरिया से सभी संधियां रद्द कर दी थी। दक्षिण कोरिया अब नए सिरे से उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगवाना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications