कनाडाई कंपनियों के लिए भारत पसंदीदा निवेश स्थल!
'एशिया पैसिफिक फाउंडेशन' की ओर से जारी 'द एशियन इंवेस्टमेंट इंटेन्शन सर्वे' के मुताबिक कनाडाई कंपनियों में भारत में निवेश करने की इच्छा मजबूत हुई है।
वर्ष 2005 में जहां केवल आठ प्रतिशत कनाडाई कंपनियों ने भारत में निवेश की इच्छा जाहिर की थी वहीं 2010 में 13 प्रतिशत कंपनियों ने इसके प्रति सकारात्मक रुख दिखाया।
सर्वेक्षण में कुल 504 कनाडाई कंपनियों को शामिल किया गया। इसमें 21.1 प्रतिशत कंपनियों ने निवेश के लिए चीन का चुनाव किया, जबकि 13.4 प्रतिशत ने भारत, 9.9 प्रतिशत ने दक्षिण कोरिया और 9.2 प्रतिशत ने जापान का चुनाव किया।
सर्वेक्षण के मुताबिक 55 प्रतिशत से अधिक कंपनियों ने एशियाई बाजारों के तरफ झुकाव की बात स्वीकार की।
फाउंडेशन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी येन पाऊ वू ने कहा, "चीन अब भी कनाडाई कंपनियों के लिए शीर्ष निवेश बाजार है लेकिन क्षेत्र की अर्थव्यवस्था शानदार तरीके से विकास कर रही है और कनाडाई कंपनियां इस मौके का फायदा उठाना चाहती हैं।"
उन्होंने कहा, "कनाडाई कंपनियां इन निवेश अवसरों तक धीरे-धीरे पहुंच बना रही हैं, विशेषकर भारत और दक्षिण पूर्व एशिया की अर्थव्यवस्था में।"
वू ने कहा कि सर्वेक्षण के नतीजे आश्चर्यचकित करने वाले नहीं हैं क्योंकि 2003-2007 के बीच भारत की विकास की दर औसतन 8.75 फीसदी रही है और वह क्षेत्र की एक बड़ी आर्थिक ताकत के रूप में उभर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications