कुछ राज्यों में गर्मी बरकरार रहने के आसार
दिल्ली में तापमान में भले ही मामूली गिरावट आई है, लेकिन आद्र्रता का स्तर कुछ अर्से तक अधिक बने रहने के आसार हैं। राजस्थान और गुजरात में अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि आर्द्रता का स्तर 65 प्रतिशत बना हुआ है और ऐसे ही हालात कुछ और दिन बरकरार रहने के आसार हैं। अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम में अगले कुछ दिनों तक तब्दीली के भी कोई आसार नही हैं।"
मौसम विभाग ने हिमालय क्षेत्र के पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में अगले 48 घंटों में जोरदार बारिश होने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है, साथ ही यहां कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक केरल, लक्ष्यद्वीप, तटीय कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप एवं कोंकण और गोवा के इलाकों में जोरदार बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने घोषणा की है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, केरल, दक्षिण तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में स्थित कई इलाकों तक पहुंच गया है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने बताया कि ऐसा होना सामान्य बात है। मानसून से पहले तेज हवाओं तथा गरज के साथ बारिश होना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि 15 जून तक ऐसी स्थिति बने रहने की संभावना है। राज्य में 15 जून के बाद मानसून के आगमन के आसार हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और गर्मी का प्रकोप बरकरार रहेगा।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग के विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications