संयुक्त राष्ट्र का निंदा प्रस्ताव अस्वीकार्य : इजरायल
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को अपने एक बयान में कहा कि इजरायल के विदेश मंत्री एविगडोर लिबरमेन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून से टेलीफोन पर हुई बातचीत में कहा, "यह इजरायल को लेकर चिंता जताने वाले अंतर्राष्ट्रीय समूह का पाखण्डपूर्ण और दोहरे मापदण्ड वाला नजरिया है, इसके लिए खेद जताया जाना चाहिए।"
सोमवार तड़के सुबह नाकेबंदी की गई गाजा पट्टी में मानवीय सहायता ले जा रहे फिलिस्तीन समर्थकों के छह जहाजों के बेड़े पर इजरायली नौसेना द्वारा की गई छापेमारी में सहायता ले जा रहे समूह के नौ लोग मारे गए थे।
लिबरमेन ने मून से कहा कि जब पिछले महीने विभिन्न घटनाओं में थाईलैंड, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, इराक और भारत में 500 लोग मारे गए थे तब अंतर्राष्ट्रीय समुदाय चुप रहा लेकिन इजरायल की सुरक्षात्मक कार्रवाई की निंदा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि समर्थकों से झगड़े के दौरान जब इजरायली सैनिकों पर लोहे की छड़ों, डंडों और चाकुओं से हमला हुआ तो उन्हें अपनी सुरक्षा का अधिकार था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications