तालिबान नियंत्रित जिले में नाटो सेनाओं का कब्जा
काबुल, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और अफगानी सुरक्षाबलों ने संयुक्त कार्रवाई कर तालिबान के कब्जे वाले बरगी मताल जिले पर कब्जा कर लिया है। आतंकवादियों ने पिछले सप्ताह इस जिले को अपने कब्जे में ले लिया था।
नाटो की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि नुरीस्तान प्रांत के पूर्व में स्थित बरगी मताल जिले को कब्जे में करने का अभियान सोमवार रात को शुरू किया गया था। अभियान के दौरान पाकिस्तान से सटे विद्रोहियों के इस ठिकाने पर हवाई हमले किए गए।
बयान में कहा गया है, "पिछले सप्ताह से ही इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे आतंकवाद को देखते हुए यह अभियान चलाया गया था। इस ऑपरेशन के दौरान किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है।"
स्थानीय अधिकारी के मुताबिक पाकिस्तानी और चेचन्या के लड़ाकों सहित सैकड़ों तालिबान आतंकवादियों ने शनिवार को डिस्ट्रिक सेंटर को कब्जे में ले लिया था।
आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता जमारई बशारी ने कहा, "यह अभियान गंभीर घटनाओं के दौरान अफगान और गठबंधन सेनाओं के आपसी तालमेल को प्रदर्शित करता है।"
उल्लेखनीय है कि सेना की तरफ से गर्मी में कंधार में अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है जब इस क्षेत्र में अमेरिका के हजारों अतिरिक्त जवान पहुंचेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications