रिश्वत मांगने का आरोपी चिकित्सक गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि दौसा के जिला अस्पताल में आंखों का इलाज कराने आए सत्यानंद गुप्ता को डॉक्टर दिनेश शर्मा ने जांच के बाद ऑपरेशन कराने की सलाह दी। डॉक्टर शर्मा ने सत्यनारायण से निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने के लिए साढ़े तीन हजार और सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन कराने के एवज में 2,500 रुपये रिश्वत की मांग की।
दोनों के बीच आखिर में दो हजार रुपये देने की बात तय हुई। शर्मा ने सत्यानंद को ये रुपये मंगलवार को सुबह साढ़े सात बजे अपने घर पर देने को कहा। तमाम कागजी खानापर्ति के बाद सत्यानंद को रात को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
उधर, सत्यानंद गुप्ता ने इस मामले में इस चिकित्सक के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत कर दी। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो के उपाधीक्षक जगदीश राव ने डॉक्टर के आवास के आसपास आज अपना जाल तैयार किया और निशान लगे नोटों के साथ सत्यानंद गुप्ता को मंगलवार सुबह डॉक्टर के घर भेजा। बाद में संकेत मिलते ही ब्यूरो के अधिकारियों ने डाक्टर दिनेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications