मंत्री की 'महिला मित्र' के शव का फिर होगा पोस्टमार्टम
पाचेको की कथित मित्र 28 वर्षीय नादिया तोरेआदो ने रविवार को चेन्नई के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने लगभग 15 दिन पहले चूहे मारने वाली दवा खा ली थी।
नादिया की मौत के बाद दक्षिणी गोवा में महिला अधिकार कार्यकर्ता तारा केरकर ने फिर से उनके शव की पोस्टमार्टम की मांग की थी। उन्होंने सोमवार को आईएएनएस से कहा था, "यह सिर्फ आत्महत्या का मामला नहीं है। नादिया की मौत की जांच हत्या के मामले के रूप में होनी चाहिए।"
उप जिला अधिकारी अग्नेलो फर्नाडीस ने सोमवार को पुलिस और दिवंगत महिला के परिजनों को बयान लेने के लिए तलब किया था। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने फिर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी गोवा) एलेन डासा ने आईएएनएस से कहा, "हम इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने जहर क्यों खाया। हमारी पूरी जांच इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।"
डासा ने कहा कि अगर जांच में कुछ संदेहात्मक तथ्य मिलते हैं तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया, "पुलिस को दिए अपने बयान में नादिया ने कहा था कि उसने सुबह नौ बजे जहर खाया था और दोपहर बाद तीन बजे उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराने में हुई देरी की जांच किए जाने की जरूरत है।"
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पाचेको के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी ने कहा कि अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देते तो उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
वैसे पाचेको का विवादों से पुराना नाता है। उन पर पहले ही दूसरी शादी का आरोप लग चुका है। मामला अदालत में है। उनकी पहली पत्नी का नाम सारा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications