अफगान-पाक सीमा पर अलकायदा का आतंकवादी मारा गया
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अमेरिकी ब्रॉडकास्टर एमएसएनबीसी पर सोमवार की देर रात जारी हुए एक जानकारी के अनुसार एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी का कहना है कि पिछले सप्ताह हुए एक ड्रोन हमले में मुस्तफा अबु अल-याजीद मारा गया था।
इस्लामी वेबसाइट्स पर अलकायदा द्वारा जारी किए गए एक बयान में मुस्तफा की मौत की पुष्टि की गई है लेकिन उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने एमएसएनबीसी को बताया, "आतंकवाद के खिलाफ यह एक बड़ी जीत है।"
मिस्र में जन्मा 56 वर्षीय मुस्तफा अलकायदा में तीसरा प्रमुख व्यक्ति था। विशेषज्ञों का कहना है कि मुस्तफा अलकायदा के वित्तीय निदेशक के बतौर काम करता था और अफगानिस्तान में उसकी सभी गतिविधियों को अंजाम देता था।
मुस्तफा ने 11 सितंबर, 2001 में अमेरिका में हुए हमलों के आरोपी मोहम्मद अट्टा को हजारों डॉलर की रकम पहुंचाई थी।
मुस्तफा के आतंकवाद से जुड़े रहने का लंबा इतिहास है। वह मिस्र के राष्ट्रपति अनवर सादात की 1981 में हुई हत्या के जिम्मेदार गुट से ताल्लुक रखने के आरोप में तीन साल तक जेल की सजा काट चुका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications