पश्चिम-भारत में बढ़ेगा तापमान, पूर्वी राज्यों में राहत (लीड-1)
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिन में उत्तर-पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है वहीं मध्य भारत में फिलहाल मौसम यथावत रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने हिमालय क्षेत्र के पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में अगले 48 घंटों में जोरदार बारिश होने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल,और उड़ीसा के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है, साथ ही यहां हल्की बारशि के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक केरल, लक्ष्यद्वीप, तटीय कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप एवं कोंकण और गोवा के इलाकों में जोरदार बारिश के आसार हैं। अगले 24 घंटों में उत्तरप्रदेश में धूल भरी आंधी चल सकती है। वहीं राजस्थान और गुजरात में अगले दो दिनों तक धूल भरी हवाएं जारी रहने के आसार हैं।
दिल्ली में तापमान में भले ही मामूली गिरावट आई है लेकिन आद्र्रता का स्तर कुछ अर्से तक अधिक बने रहने के आसार हैं। दिल्लीवासियों के लिए सोमवार का दिन बहुत उमस भरा रहने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि आर्द्रता का स्तर 65 प्रतिशत बना हुआ है और ऐसे ही हालात कुछ और दिन बरकरार रहने के आसार हैं।
अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ रहेगा। बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम में अगले कुछ दिनों तक तब्दीली के कोई आसार नही हैं।"
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.1 प्रतिशत बना रहा। रविवार को अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री कम 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना सहित बिहार के अन्य क्षेत्रों में रविवार देर रात हुई बारिश की वजह से सोमवार को धूप खिलने के बावजूद गर्मी से कुछ राहत रही। हालांकि बारिश के साथ चली तेज हवाओं से लोगों को कुछ कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में पटना में 23़1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार बारिश के कारण सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 22़ 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इधर, पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने सोमवार बताया कि ऐसा होना सामान्य बात है। मॉनसून से पहले तेज हवाओं तथा गरज के साथ बारिश होना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि 15 जून तक ऐसी स्थिति बने रहने की संभावना है। राज्य में 15 जून के बाद मॉनसून के आगमन के आसार हैं।
मध्य प्रदेश में लू और गर्मी का कहर जारी है। यहां के अधिकांश हिस्सों में तापमान अब भी 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है जबकि आधा दर्जन से अधिक जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार है।
सोमवार को भी गर्मी कम होने के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और गर्मी का प्रकोप बरकरार रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल में अधिकतम तापमान 41़ 2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 38़ 8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 43़ 7 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43़1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने से लोग गर्मी से थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आस-पास रहा।
बलिया, मऊ, देवरिया, सलेमपुर, अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में रविवार देर रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश हुई। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक सलेमपुर में सर्वाधिक 14.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विगत तीन-चार दिनों से राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री, कानपुर का 41.8 डिग्री, इलाहाबाद का 41.1 डिग्री, गोरखपुर का 40 डिग्री और लखनऊ का 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग के विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications