मैंने हमलावर को माफ किया : श्री श्री रविशंकर (लीड-2)
बेंगलुरू, 31 मई (आईएएनएस)। आध्यात्मिक गुरु एवं 'आर्ट ऑफ लिविंग' के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने रविवार शाम अपने काफिले पर गोलीबारी की घटना के संदर्भ में कहा है कि उन्होंने हमलावर को माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर हमलावर उनके आश्रम में आए तो सत्संग और योग के माध्यम से उसका भी हृदय परिवर्तन हो जाएगा।
श्री श्री रविशंकर ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनका कोई शत्रु नहीं है। उन्होंने अपने काफिले पर गोलीबारी करने वाले शख्स से हिंसा का रास्ता त्याग देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे सत्संग जारी रखेंगे।
उन्होंने हमलावर को माफ करने का ऐलान करते हुए कहा, "हमलावर के बारे में मैं यही कहूंगा कि वह सत्संग में आए। यहां योग और ध्यान के जरिए उसका हृदय परिवर्तन हो जाएगा।"
श्री श्री ने कहा कि उनकी पहल पर कई लोगों को हथियार त्यागे हैं और शायद यही बात गोलीबारी करने वाले को खटक गई है। उन्होंने कहा कि इस हमले का मकसद आतंक फैलाना था। उन्होंने इस घटना में अपने आश्रम से जुड़े किसी भी व्यक्ति के शामिल होने की आशंका को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "मेरे चालक ने इस बात की आशंका जताई थी कि मुझ पर हमला हो सकता है। मैं चाहता हूं कि वह (हमलावर) यहां आए और शांति का अनुभव करे और साथ में यह भी देखे कि हमारे आश्रम में क्या हो रहा है।"
अपनी सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझता कि सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है। यह अच्छा नहीं रहेगा कि मेरे और भक्तों के बीच कोई रुकावट आए।"
श्री श्री ने अपने विदेशी भक्तों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस को भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चत करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि उनके देश और विदेश में लाखों भक्त हैं।
पुलिस ने कनकपुरा रोड स्थित श्री श्री के आश्रम की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस महानिरीक्षक कमल पंत ने मौके का दौरा करने के बाद कहा, "हम आश्रम परिसर में छानबीन कर रहे हैं। इस घटना की जांच के लिए जांच दलों का गठन कर दिया गया है।"
गौरतलब है कि रविवार शाम बेंगलुरू में एक अज्ञात हमलावर ने श्री श्री रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी की। इसमें वह सुरक्षित बच गए लेकिन उनका एक भक्त घायल हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications