भाजपा नेता के बेटे की हत्या,
शिमला, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के 20 वर्षीय बेटे की रविवार शाम तीन युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। एक दिन पहले ही सड़क पर उसकी तीन युवकों से झड़प हुई थी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आर. एम. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि शुभम चौहान की कंगलोन श्मशान के निकट तीन युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
शुभम शिमला भाजपा जिला अध्यक्ष व कृषि ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष शेर सिंह चौहान का बेटा था।
रविवार देर रात पुलिस ने इस सिलसिले में रोहन भंडारी और विक्रम नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे अभियुक्त माहिंदर सिंह नेगी को सोमवार को हरियाणा के कालका में पकड़ा है। सभी अभियुक्तों की उम्र 20 वर्ष से कम है।
पुलिस का कहना है कि यह हत्या शनिवार को ओवरटेकिंग को लेकर इन युवकों और शुभम में हुई झड़प के कारण की गई। शुभम सहित चारों युवक अपनी गाड़ियों को तेज भगाने की स्पर्धा कर रहे थे। उसी दौरान वे गाड़ियों से उतरकर झगड़ने लगे।
अगले दिन रविवार को चारों फिर मिले। आरोपियों में से एक ने शुभम को चाकू मार दिया।
शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शुभम को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications