पाक में फेसबुक को प्रतिबंध मुक्त करने का आदेश
लाहौर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एजाज चौधरी ने पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) द्वारा 19 मई को फेसबुक पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने का निर्देश दिया है। पाकिस्तान ने यह प्रतिबंध फेसबुक पर पैगम्बर मोहम्मद साहब का चित्र बनाए जाने की प्रतियोगिता आयोजित होने के बाद लगाया था।
न्यायाधीस चौधरी ने कहा, "फेसबुक से रोक हटाएं, हम सूचनाओं के संचार पर रोक नहीं लगाना चाहते।"
जियो टीवी के मुताबिक सूचना तकनीक मंत्रालय के अधिकारी मुदस्सिर हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान में इंटरनेट पर मौजूद आपत्तिजनक विषय वस्तुओं पर रोक जारी रहेगी।
फेसबुक पर एक उपयोगकर्ता द्वारा अभिव्यक्ति की आजादी का हवाला देकर पैगम्बर मोहम्मद साहब का चित्र बनाए जाने की प्रतियोगिता का आयोजन करने के बाद इस वेबसाइट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस प्रतियोगिता के चलते दुनिया भर में खासकर मस्लिम देशों में आक्रोश फैल गया था।
इस्लामी वकीलों के एक संगठन की याचिका पर सुनवाई करते हुए लाहौर उच्च न्यायालय ने 31 मई तक फेसबुक से प्रतिबंध हटाने का आदेश दिया।
न्यायालय ने सोमवार को अपने आदेश में कहा कि सरकार इंटरनेट पर आपत्तिजनक विषयवस्तुओं पर रोक लगाने के लिए तंत्र विकसित करने के लिए कहा है।
न्यायाधीश चौधरी ने कहा, "यह सरकार का काम है कि वह ऐसी चीजों को रोके जिनसे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं और उन्हें सड़क पर प्रदर्शन के लिए उतरना पड़ता है। इंटरनेट पर तिरस्कार करने वाली विषय वस्तुओं की रोकथाम की जानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications