अगथा संगमा व माकन येले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे
वाशिंगटन, 29 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल की सबसे युवा मंत्री, अगाथा संगमा और अन्य युवा मंत्री अजय माकन तथा कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी उन प्रतिभागियों में शामिल हैं, जो चौथे भारत-येले पार्लियामेंटरी लीडरशिप प्रोग्राम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम 9 से 19 जून तक आयोजित है।
कनेक्टिकट के न्यू हेवेन में आयोजित यह कार्यक्रम वैश्विक राजनीतिक-आर्थिक मामलों और नेतृत्व की चुनौती पर केंद्रित होगा।
येले की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार येले युनिवर्सिटी का यह चौथा आयोजन येले के प्राध्यापकों के साथ सात दिवसीय नेतृत्व कार्यक्रम के साथ शुरू हो रहा है। यह कार्यक्रम अमेरिकी राजनीतिज्ञों, नीति विश्लेषकों और अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ न्यूयार्क व वाशिंगटन में तीन दिवसीय बातचीत, चर्चा और बैठकों के साथ संपन्न हो जाएगा।
वर्ष 2007 से शुरू हुए इस कार्यक्रम में अब तक भारतीय संसद के लगभग 50 सदस्य हिस्सा ले चुके हैं। यह कार्यक्रम फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री और भारत-अमेरिका फोरम ऑफ पार्लियामेंटेरियंस के सहयोग से आयोजित किया जाता है।
इस कार्यक्रम में कुल 2,010 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications