ग्वाटेमाला में चक्रवाती तूफान, 12 मरे, 11 लापता
ग्वाटेमाला सिटी, 30 मई (आईएएनएस)। ग्वाटेमाला में चक्रवाती तूफान की चपेट में आकर 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 11 अभी तक लापता बताए गए हैं और 3000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार राजधानी से 200 किलोमीटर पश्चिम में बारिश के बाद हुए भूस्खलन की वजह से एक मकान पर चट्टान गिरने से दो वयस्कों और दो बच्चों की मौत हो गई।
देश के पश्चिमी हिस्से में आगाथा चक्रवात की वजह से भारी बारिश होने के कारण तीन नदियों में बाढ़ आ गई है और 11 लोग लापता बताए गए हैं।
हवाएं 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हैं। ग्वाटेमाला में इस तूफान के चलते आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है। राष्ट्रपति अल्वारो कोलोम का कहना है कि सरकार को तूफान पीड़ितों और पकाया ज्वालामुखी से प्रभावित हो रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए साढ़े आठ करोड़ डॉलर के ऋण की जरूरत पड़ेगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान के कमजोर पड़ जाने के बावजूद मंगलवार तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications