उत्तर भारत में 15 जून तक मानसून के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार एक से पांच जून तक केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश होते हुए मानसून पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंचेगा।
महाराष्ट्र के तटीय इलाकों से 10 जून तक मानसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा। पश्चिमी भारत के गुजरात की ओर से चलने वाला मानसून राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तर प्रदेश तक आएगा, वहीं हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में इसके एक जुलाई तक आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मई के आसपास बंगाल की खाड़ी के ऊपर सामान्य तौर पर दक्षिणी-पश्चिमी मानसून को देखा गया और यह 20 मई के करीब दक्षिणी अंडमान सागर पर छा गया।
मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिणी-पश्चिमी मानसून बंगाल की खाड़ी, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह और अंडमान सागर के अधिकतर हिस्सों में 17 मई तक आ गया।
मानसून दक्षिण के तटीय इलाकों, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पूर्व-मध्य के अधिकतर भागों में 21 मई तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून केरल तक 31 मई तक पहुंच जाएगा। यह कर्नाटक के तटीय इलाकों और दक्षिणी तमिलनाडु में एक जून तक पहुंच सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ और गरज के साथ छीटें पड़ने की वजह से पूर्वोत्तर के राज्यों में मानसून पूर्व की बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग के संकेतों के मुताबिक मानसून के चार से 10 जून के दौरान दक्षिणी अरब सागर के ऊपर से गुजरने की उम्मीद है। इस हफ्ते में भारत के तटीय हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।
दक्षिणी कोंकण, गोवा, पश्चिम तटीय इलाकों और पूर्वोत्तर के राज्यों में मानसून के समय से पहले पहुंचने की प्रबल संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications