धार्मिक नेता की पुण्यतिथि पर विएना पहुंचे हजारों सिख
विएना, 30 मई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रिया में एक सिख समुदाय के धार्मिक नेता संत रामानंद की हत्या के एक साल बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दुनिया भर से करीब 1,000 लोग विएना में एकत्रित हुए।
एक साल पहले उग्र सिख संप्रदाय के अनुयायी लोगों ने डेरा सच खंड के मंदिर में धार्मिक नेता पर हमला कर दिया था, इस घटना के बाद पंजाब में हिंसा फैल गई थी जिसमें तीन लोगों की मौत और दर्जनों लोग घायल हो गए थे।
भारतीय मूल के छह सिखों को पिछले महीने इस मामले में हत्या और हमला करने सहित विभिन्न मामलों का आरोपी बनाया गया है। विएना के सरकारी वकील ने कहा कि 24 मई 2009 को मंदिर पर हुआ हमला पूर्वनियोजित था, इस हमले में समुदाय के नेता समेत 16 लोग घायल हुए थे।
ऑस्ट्रिया की समाचार एजेंसी एपीए के मुताबिक स्मृति समारोह में ऑस्ट्रिया के अलावा यूरोपीय देशों और कनाडा व अमेरिका से भी लोग एकत्रित हुए।
सुरक्षा कारणों से किसी बड़े धार्मिक नेता ने इस आयोजन में भाग नहीं लिया। विशिष्ट नेताओं को पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा ने सुरक्षा प्रदान की थी।
वियना में डेरा सच खंड के प्रवक्ता जसवीर जनागल ने कहा कि हमारे समुदाय और सिखों के मुख्य समुदाय के बीच संबंध पिछले साल ही सामान्य हो गए थे, "ऑस्ट्रिया में हमारे बीच कोई विवाद नहीं है, हम शांति बनाए रखना चाहते हैं।"
संत रामानंद ने अपने वरिष्ठ धार्मिक नेता निरंजन दास के साथ कई यूरोपीय देशों का दौरा किया था। इसी दौरान मैड्रिड के कट्टरवादी सिखों ने उन पर हमले की योजना बनाई और ऑस्ट्रिया में हमले से पहले छह संदिग्ध लोग स्पेन से ऑस्ट्रिया आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications