बांग्लादेश में फेसबुक पर प्रतिबंध
फेसबुक पर कुछ नेताओं की व्यंग्यपूर्ण तस्वीरें प्रकाशित करने के मामले में रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) द्वारा राजधानी के वारी इलाके के निवासी 30 वर्षीय महबूब आलम रोडिन की गिरफ्तारी के बाद शनिवार रात इस वेबसाइट पर रोक लगा दी गई।
डेली स्टार के मुताबिक आरएबी के कानूनी और मीडिया विंग के निदेशक कमांडर मोहम्मद सोहेल ने कहा, "पिछले एक साल से फेसबुक पर रोडिन की गतिविधियां आपत्तिजनक और आपराधिक थी। उसने फेसबुक पर अश्लील तस्वीरें भी प्रदर्शित कीं।"
उन्होंने कहा कि आरएबी ने प्रशासन से रोडिन के सात फेसबुक एकाउंट बंद करने को कहा है, रोडिन ने ये सभी एकाउंट फर्जी ई-मेल एड्रेस के जरिए बनाए हैं।
बांग्लादेश दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (बीटीआरसी) ने कहा कि वेबसाइट पर रोक लगाने का मूल कारण इस पर दिखाए जा रहे इस्लाम विरोधी और अश्लील चित्र हैं, इन सब चीजों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सरकार के कदम का विरोध करते हुए ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने सड़कों पर देर रात तक प्रदर्शन किया। तकनीकी विशेषज्ञों ने भी सरकार के इस कदम की आलोचना की है। कुछ लोगों का कहना है कि सरकार को पूरी साइट पर रोक लगाने के बजाय व्यक्तिगत आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।
फेसबुक पर पैगम्बर की तस्वीर बनाने की प्रतियोगिता शुरू करने के आमंत्रण के बाद यहां तीन मुस्लिम राजनीतिक दलों ने शुक्रवार को इस वेबसाइट पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। इससे पहले पाकिस्तान में इस वेबसाइट पर रोक लगाई जा चुकी है।
मार्च 2009 में बांग्लादेश सरकार ने प्रधानमंत्री और सेना के एक अधिकारी के बीच हुई बातचीत को यूट्यूब पर लोड करने के मामले के बाद प्रतिबंधित कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications