स्वीडन में दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि
स्टॉकहोम, 30 मई (आईएएनएस)। स्वीडन की राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत के चार दिवंगत पत्रकारों समेत वर्ष 2009 में 33 देशों में पत्रकारिता कार्यो के दौरान जान गंवाने वाले 137 पत्रकारों को श्रद्धांजलि दी गई।
स्वीडन का 'स्टॉकहोम व्यावसायिक विदेशी संवाददाता संघ' वर्ष 2003 से लुथियन, कैथोलिक और ऑर्थोडॉक्स चर्चो के सहयोग से प्रति वर्ष इस समारोह का आयोजन करता है।
सेंट इरिक कैथोलिक कैथ्रेडल चर्च में आयोजित इस समारोह में 2009 में दिवंगत हुए चार भारतीय पत्रकारों वेंकटेश चपलगांवकर, अनिल मजूमदार, प्रकाश कुमार नाथ और अमन कश्यप को श्रद्धांजलि दी गई।
असम के अजी डेली के प्रमुख संपादक रहे मजूमदार को गुवाहाटी में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, वहीं स्टार माझा टीवी के पुणे ब्यूरो चीफ चपलगांवकर की मौत एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। फोटो पत्रकार नाथ और कश्यप की मौत भी काम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में हुई थी।
समारोह में अफगानिस्तान और वेनेजुएला में काम के दौरान शहीद हुए पत्रकारों को भी याद किया गया। कार्यक्रम में भारत, पाकिस्तान, मेक्सिको, कोलंबिया, जार्जिया और अल सल्वाडोर के राजदूत मौजूद थे।
स्वीडन में भारत के राजदूत बालकृष्ण शेट्टी ने कहा, "हम भारत में प्रेस की आजादी के महत्व को समझते हैं और लोकतंत्र और प्रशासन के विकास में इसकी भूमिका को स्वीकार करते हैं। पत्रकारों के योगदान को याद करने वाले इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए हम आपके कृतज्ञ हैं।"
कार्यक्रम में स्वीडन के पत्रकार संगठन, रेडियो टीवी पत्रकार संगठन, एमनेस्टी इंडरनेशनल के प्रतिनिधि और स्वीडन के वित्त मंत्री भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications