उत्तर भारत में तापमान में कमी (लीड-1)
उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखण्ड, दिल्ली, जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के उत्तर तटीय इलाकों में अधिकतम तापमान में चार से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान, उड़ीसा में भी अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई। इसके अलावा देश के बाकी भागों में तापमान में कोई बदलाव नहीं आए हैं। देश में सबसे अधिक गर्म स्थान शिवपुरी (मध्य प्रदेश) रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, दिल्ली में शनिवार को मौसम खुशगवार रहा और शाम तक गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक शनिवार को न्यूनतम तापामन 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से अधिक है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया,"दिल्ली में शनिवार को आसमान साफ रहेगा और शाम तक गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।"
सुबह आद्रता का स्तर 35 प्रतिशत रहा। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में पटना सहित राज्य के सभी क्षेत्रों में शनिवार को खिली हुई धूप निकली लेकिन अधिकतम तापमान में हो रही लगातार कमी से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
इसी तरह गया का अधिकतम तापमान 36़ 6 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 35़ 5 तथा पूर्णिया का अधिकतम तापमान 33़ 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शनिवार को बताया कि राज्य में प्री मानसून के कारण कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में दोपहर तक आसमान साफ रहेगा परंतु दोपहर के बाद आंशिक बादल छा जाएंगे। अधिकतम तापमान कोई ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना फिलहाल नहीं है।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार तड़के लगातार दूसरे दिन तेज हवाओं के साथ विभिन्न स्थानों पर बारिश से लोगों ने भीषण गर्मी से काफी राहत महसूस की है।
लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, रायबरेली, प्रतापगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने तड़के तेज हवाओं के साथ हुई बारिश का लुत्फ उठाया। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में सबसे ज्यादा 2.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इससे पहले शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 37.7 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 35.3 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 34.2 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घटों के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग के विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड में भी छिटपुट में वर्षा के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार हैं। हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी, मध्य भारत के सटे हिस्सों और पश्चिमोत्तर में अगले 48 घंटों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications