20 मिनट विलंब से उड़ा राष्ट्रपति का विशेष विमान
बीजिंग, 29 मई (आईएएनएस)। चीन की यात्रा पर आई राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के विशेष विमान ने बीजिंग से ल्यूलोंग के लिए 20 मिनट विलंब से उड़ान भरी। यह विलंब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद रघुवंश प्रसाद सिंह के देरी से पहुंचने की वजह से हुआ।
सिंह ने हालांकि इस विलंब के लिए कुप्रबंधन को दोषी ठहराते हुए कहा है कि उन्हें विमान में सवार होने के समय के बारे में सूचित नहीं किया गया था।
राष्ट्रपति के विशेष विमान ने सुबह नौ बजे उड़ान भरनी थी लेकिन इसमें 20 मिनट का विलंब हुआ। प्रसाद ने कहा, "वहां भ्रम और कुप्रबंधन की स्थिति थी। इसीलिए मुझे देरी हुई और मैं राष्ट्रपति को हवाई अड्डे तक ले जाने वाले काफिले का हिस्सा नहीं बन सका।"
पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा, "मुझे विमान में सवार होने के समय के बारे में सूचित नहीं किया गया और मैं लिफ्ट और कमरे की इलेक्ट्रॉनिक चाबी इस्तेमाल नहीं कर सका।"
अधिकारियों ने बताया कि विशेष विमान के समय पर उड़ान न भर पाने की वजह से यहां अन्य उड़ाने भी निर्धारित समय पर उड़ान न भर सकीं।
राष्ट्रपति की छह दिवसीय चीन यात्रा 31 मई को संपन्न हो रही है।
ल्यूलांग में राष्ट्रपति भारत के सांची स्तूप की शैली पर बने मंदिर को चीन की जनता को समर्पित करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications