अफजल को फांसी में देर क्यों : कटियार
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्य विनय कटियार ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र भेजकर पूछा है कि संसद हमले के मुख्य अभियुक्त अफजल गुरु को फांसी देने में विलंब क्यों किया जा रहा है?
पत्र में उन्होंने कहा है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार और कांग्रेस पार्टी ने संसद हमले के मुख्य अभियुक्त आतंकवादी अफजल को लेकर जिस तरह के रवैये का परिचय दिया है, उससे देशवाशियों और उनके मन में कई सवाल उपजे हैं।
उन्होंने कहा है कि गृह मंत्री पी. चिदंबरम देश को यह बताएं कि क्या दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आतंकवादी अफजल की फांसी से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने जैसी टिप्पणी की है। (अफजल की फांसी से संबधित क्षमा याचना की फाइल राष्ट्रपति के यहां लंबित है और इसको लेकर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच मतभेद उभर आए हैं।)
कटियार ने कहा है कि इससे पहले जब स्व़ इंदिरा गांधी के हत्यारों को फांसी दी गई तब भी ऐसी टिप्पणी नहीं की गई थी, जबकि गांधी की हत्या के बाद 1984 में पूरे देश में सिख दंगे हुए थे और कई बेगुनाह सिख मारे गए थे और उनकी संपत्ति लूट ली गई थी। इस मामले में तो सिखों को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। फिर एक संप्रदाय विशेष को खुश करने के लिए अफजल के मामले में कानून व्यवस्था बिगड़ने का प्रश्न क्यों उठाया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता मीडिया को बता रहे हैं कि अफजल की फांसी से कश्मीर में कानून व्यवस्था पर असर पड़ेगा। इस पर भी पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए। सरकार बताए कि क्या फांसी की पुरानी क्षमा याचनाओं पर फैसला होने के बाद ही अफजल को फांसी दी जा सकती या पहले भी?
उन्होंने पूछा है कि अफजल को फांसी देने में हो रही देर की असल वजह क्या है? प्रधानमंत्री बताएं कि राष्ट्रपति के यहां क्षमा याचना के लिए लंबित फांसी के अन्य मामले और अफजल का मामला क्या एक जैसा है?
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications